2 Timothy 4HSB

1मैं परमेश्‍वर और मसीह यीशु को, जो जीवितों और मृतकों का न्याय करेगा, साक्षी मानकर और मसीह के प्रकट होने और उसके राज्य की सुधि दिलाकर तुझे दृढ़तापूर्वक आदेश देता हूँ:

2वचन का प्रचार कर, समय-असमय तैयार रह, बड़े धैर्य से शिक्षा देते हुए समझा, डाँट और प्रोत्साहित कर।

3क्योंकि ऐसा समय आएगा जब लोग खरी शिक्षा को सहन नहीं करेंगे बल्कि अपने कानों की खुजलाहट के कारण और अपनी अभिलाषाओं के अनुसार अपने लिए गुरु बटोर लेंगे।

4वे अपने कान सत्य से फेरकर कल्पित कथाओं पर लगाएँगे।

5परंतु तू सब बातों में संयमी रह, दुःख उठा, सुसमाचार प्रचार का कार्य कर और अपनी सेवा पूरी कर।

6क्योंकि मैं अब अर्घ के समान उंडेला जाता हूँ; मेरे जाने का समय आ पहुँचा है।

7मैं अच्छी कुश्ती लड़ चुका हूँ, मैंने अपनी दौड़ पूरी कर ली है, मैंने विश्‍वास की रखवाली की है।

8भविष्य में मेरे लिए धार्मिकता का मुकुट रखा हुआ है जिसे प्रभु, जो धार्मिकता से न्याय करनेवाला है, मुझे उस दिन देगा और केवल मुझे ही नहीं बल्कि उन सब को भी जो उसके प्रकट होने को प्रिय समझते हैं।

9मेरे पास शीघ्र आने का प्रयत्‍न कर,

10क्योंकि देमास ने इस संसार को प्रिय समझकर मुझे छोड़ दिया और थिस्सलुनीके को चला गया है। क्रेसकेंस गलातिया को और तीतुस दलमतिया को चला गया है।

11केवल लूका मेरे साथ है। मरकुस को अपने साथ लेते आना, क्योंकि सेवाकार्य में वह मेरे लिए उपयोगी है।

12मैंने तुखिकुस को इफिसुस भेजा है।

13जब तू आए तो जिस चोगे को मैं त्रोआस में करपुस के यहाँ छोड़ आया था, उसे और साथ ही पुस्तकों, विशेषकर चर्म-पत्रों को भी लेते आना।

14सिकंदर ताम्रकार ने मेरे साथ बहुत बुरा किया है, प्रभु उसे उसके कार्यों के अनुसार बदला देगा।

15तू भी उससे सावधान रह, क्योंकि उसने हमारे उपदेशों का कड़ा विरोध किया है।

16अपने बचाव की पहली सुनवाई में, किसी ने मेरा साथ नहीं दिया बल्कि सब ने मुझे छोड़ दिया था। प्रभु करे कि उन्हें इसका लेखा देना न पड़े!

17परंतु प्रभु मेरे साथ खड़ा हुआ और उसने मुझे सामर्थ्य दिया कि मेरे द्वारा प्रचार का कार्य पूर्ण रूप से हो और सब जातियाँ सुनें। मैं तो सिंह के मुँह से छुड़ाया गया।

18प्रभु मुझे हर बुरे कार्य से बचाएगा और अपने स्वर्गीय राज्य में सुरक्षित पहुँचाएगा। उसकी महिमा युगानुयुग होती रहे। आमीन।

19प्रिस्का और अक्‍विला तथा उनेसिफुरुस के घराने को नमस्कार।

20इरास्तुस कुरिंथुस में रह गया, और मैं त्रुफिमुस को मीलेतुस में बीमार छोड़ आया हूँ।

21शीतकाल से पहले आने का प्रयत्‍न कर। यूबूलुस, पूदेंस, लीनुस, क्लौदिया और सब भाई तुझे नमस्कार कहते हैं।

22प्रभु तेरी आत्मा के साथ रहे। तुम पर अनुग्रह होता रहे। आमीन।

HINDI STANDARD BIBLE© Copyright © 2023 by Global Bible Initiative

Choose Translation

Switch translation for 2 Timothy 4.

Reading Settings

Paragraph viewDisplay verses as flowing paragraphs instead of individual lines
Show verse numbersDisplay verse numbers inline
Red letterHighlight the words of Christ in red

Sign in to save your reading preferences across sessions.