Luke 22017

1उन दिनों में औगुस्तुस कैसर की ओर से आज्ञा निकली, कि सारे जगत के लोगों के नाम लिखे जाएँ।

2यह पहली नाम लिखाई उस समय हुई, जब क्विरिनियुस सीरिया का हाकिम था।

3और सब लोग नाम लिखवाने के लिये अपने-अपने नगर को गए।

4अतः यूसुफ भी इसलिये कि वह दाऊद के घराने और वंश का था, गलील के नासरत नगर से यहूदिया में दाऊद के नगर बैतलहम को गया।

5कि अपनी मंगेतर मरियम के साथ जो गर्भवती थी नाम लिखवाए।

6उनके वहाँ रहते हुए उसके जनने के दिन पूरे हुए।

7और वह अपना पहलौठा पुत्र जनी और उसे कपड़े में लपेटकर चरनी में रखा; क्‍योंकि उनके लिये सराय में जगह न थी।

8और उस देश में कितने गड़ेरिये थे, जो रात को मैदान में रहकर अपने झुण्‍ड का पहरा देते थे।

9और प्रभु का एक दूत उनके पास आ खड़ा हुआ; और प्रभु का तेज उनके चारों ओर चमका, और वे बहुत डर गए।

10तब स्‍वर्गदूत ने उनसे कहा, “मत डरो; क्‍योंकि देखो, मैं तुम्‍हें बड़े आनन्‍द का सुसमाचार सुनाता हूँ जो सब लोगों के लिये होगा,

11कि आज दाऊद के नगर में तुम्‍हारे लिये एक उद्धारकर्ता जन्‍मा है, और यही मसीह प्रभु है।

12और इस का तुम्‍हारे लिये यह पता है, कि तुम एक बालक को कपड़े मे लिपटा हुआ और चरनी में पड़ा पाओगे।”

13तब एकाएक उस स्‍वर्गदूत के साथ स्‍वर्गदूतों का दल परमेश्‍वर की स्‍तुति करते हुए और यह कहते दिखाई दिया,

14“आकाश में परमेश्‍वर की महिमा और पृथ्‍वी पर उन मनुष्‍यों में जिनसे वह प्रसन्‍न है शान्‍ति हो।”

15जब स्‍वर्गदूत उनके पास से स्‍वर्ग को चले गए, तो गड़ेरियों ने आपस में कहा, “आओ, हम बैतलहम जाकर यह बात जो हुई है, और जिसे प्रभु ने हमें बताया है, देखें।”

16और उन्होंने तुरन्‍त जाकर मरियम और यूसुफ को और चरनी में उस बालक को पड़ा देखा।

17इन्‍हें देखकर उन्होंने वह बात जो इस बालक के विषय में उनसे कही गई थी, प्रगट की।

18और सब सुननेवालों ने उन बातों से जो गड़ेरियों ने उनसे कहीं आश्‍चर्य किया।

19परन्‍तु मरियम ये सब बातें अपने मन में रखकर सोचती रही।

20और गडरिये जैसा उनसे कहा गया था, वैसा ही सब सुनकर और देखकर परमेश्‍वर की महिमा और स्‍तुति करते हुए लौट गए।

21जब आठ दिन पूरे हुए, और उसके खतने का समय आया, तो उसका नाम यीशु रखा गया, जो स्‍वर्गदूत ने उसके पेट में आने से पहले कहा था।

22और जब मूसा को व्‍यवस्‍था के अनुसार उनके शुद्ध होने के दिन पूरे हुए तो वे उसे यरूशलेम में ले गए, कि प्रभु के सामने लाएँ।

23(जैसा कि प्रभु की व्‍यवस्‍था में लिखा है: “हर एक पहलौठा प्रभु के लिये पवित्र ठहरेगा।”)

24और प्रभु की व्‍यवस्‍था के वचन के अनुसार, “पंडुकों का एक जोड़ा, या कबूतर के दो बच्‍चे ला कर बलिदान करें।”

25और देखो, यरूशलेम में शमौन नाम एक मनुष्‍य था, और वह मनुष्‍य धर्मी और भक्‍त था; और इस्राएल की शान्‍ति की बाट जोह रहा था, और पवित्र आत्‍मा उस पर था।

26और पवित्र आत्‍मा से उसको चेतावनी हुई थी, कि जब तक तू प्रभु के मसीह को देख न लेगा, तक तक मृत्‍यु को न देखेगा।

27और वह आत्‍मा के सिखाने से मन्‍दिर में आया; और जब माता-पिता उस बालक यीशु को भीतर लाए, कि उसके लिये व्‍यवस्‍था की रीति के अनुसार करें,

28तो उसने उसे अपनी गोद में लिया और परमेश्‍वर का धन्‍यवाद करके कह:

29“हे स्‍वामी, अब तू अपने दास को अपने वचन के अनुसार शान्‍ति से विदा करता है;

30क्‍योंकि मेरी आँखों ने तेरे उद्धार को देख लिया है।

31जिसे तू ने सब देशों के लोगों के सामने तैयार किया है।

32कि वह अन्‍य जतियों को प्रकाश देने के लिये ज्‍योति, और तेरे निज लोग इस्राएल की महिमा हो।”

33और उसका पिता और उसकी माता इन बातों से जो उसके विषय में कही जाती थीं, आश्‍चर्य करते थे।

34तब शमौन ने उनको आशीष देकर, उसकी माता मरियम से कहा, “देख, वह तो इस्राएल में बहुतों के गिरने, और उठने के लिये, और एक ऐसा चिन्‍ह होने के लिये ठहराया गया है, जिसके विरोध में बातें की जाएगीं –

35वरन तेरा प्राण भी तलवार से आर-पार छिद जाएगा- इस से बहुत हृदयों के विचार प्रगट होंगे।”

36और अशेर के गोत्र में से हन्‍नाह नामक फनूएल की बेटी एक भविष्‍यद्विक्‍तन थी: वह बहुत बूढ़ी थी, और ब्‍याह होने के बाद सात वर्ष अपने पति के साथ रह पाई थी।

37वह चौरासी वर्ष से विधवा थी: और मन्‍दिर को नहीं छोड़ती थी पर उपवास और प्रार्थना कर करके रात-दिन उपासना किया करती थी।

38और वह उस घड़ी वहाँ आकर प्रभु का धन्‍यवाद करने लगी, और उन सभों से, जो यरूशलेम के छुटकारे की बाट जोहते थे, उसके विषय में बातें करने लगी।

39और जब वे प्रभु की व्‍यवस्‍था के अनुसार सब कुछ निपटा चुके तो गलील में अपने नगर नासरत को फिर चले गए।

40और बालक बढ़ता, और बलवन्‍त होता, और बुद्धि से परिपूर्ण होता गया; और परमेश्‍वर का अनुग्रह उस पर था।

41उसके माता-पिता प्रति वर्ष फसह के पर्व में यरूशलेम को जाया करते थे।

42जब वह बारह वर्ष का हुआ, तो वे पर्व की रीति के अनुसार यरूशलेम को गए।

43और जब वे उन दिनों को पूरा करके लौटने लगे, तो वह बालक यीशु यरूशलेम में रह गया; और यह उसके माता-पिता नहीं जानते थे।

44वे यह समझकर, कि वह और यात्रियों के साथ होगा, एक दिन का पड़ाव निकल गए: और उसे अपने कुटुम्‍बियों और जान-पहचान वालों में ढूँढ़ने लगे।

45पर जब नहीं मिला, तो ढूँढ़ते-ढूँढ़ते यरूशलेम को फिर लौट गए।

46और तीन दिन के बाद उन्होंने उसे मन्‍दिर में उपदेशकों के बीच में बैठे, उनकी सुनते और उनसे प्रश्‍न करते हुए पाया।

47और जितने उसकी सुन रहे थे, वे सब उसकी समझ और उसके उत्तरों से चकित थे।

48तब वे उसे देखकर चकित हुए और उसकी माता ने उससे कहा, “हे पुत्र, तू ने हम से क्‍यों ऐसा व्‍यवहार किया? देख, तेरा पिता और मैं कुढ़ते हुए तुझे ढूँढ़ते थे।”

49उसने उनसे कहा, “तुम मुझे क्‍यों ढूँढ़ते थे? क्‍या नहीं जानते थे, कि मुझे अपने पिता के भवन में होना अवश्‍य है?”

50परन्‍तु जो बात उसने उनसे कही, उन्होंने उसे नहीं समझा।

51तब वह उनके साथ गया, और नासरत में आया, और उनके वश में रहा; और उसकी माता ने ये सब बातें अपने मन में रखीं।

52और यीशु बुद्धि और डील-डौल में और परमेश्‍वर और मनुष्‍यों के अनुग्रह में बढ़ता गया।

Copyright © 2017 Bridge Connectivity Solutions. Released under the Creative Commons Attribution No Derivatives license 4.0.

Choose Translation

Switch translation for Luke 2.

Reading Settings

Paragraph viewDisplay verses as flowing paragraphs instead of individual lines
Show verse numbersDisplay verse numbers inline
Red letterHighlight the words of Christ in red

Sign in to save your reading preferences across sessions.